
त्योहारों से पहले अंडाल पुलिस की दबिश, कई इलाकों से प्रतिबंधित पटाखे जब्त
अंडाल। दुर्गापूजा समेत आगामी त्योहारों के दौरान प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अंडाल थाना पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार की रात पुलिस ने उखड़ा बाजार, बंकोला रोड और खांद्रा समेत कई इलाकों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ध्वनि पटाखे जब्त किए। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के पटाखा विक्रेताओं में हलचल देखी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र की कुछ दुकानों में चोरी-छिपे प्रतिबंधित ध्वनि पटाखों की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार रात विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान कई दुकानों की तलाशी ली गई और प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए गए। अभियान में अंडाल थाना के अधिकारी प्रीतम पाल और उखड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी तन्मय दे सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान पटाखों के कारण होने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकने और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे पटाखों की बिक्री के खिलाफ आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहेगा। दुकानों में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि लगातार होने वाली छापेमारी से प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर कितना अंकुश लग पाता है।
