
मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पार्क सर्कस और रेड रोड पर अपने हाथों से बनाई पारंपरिक रंगोली
कोलकाता। पितृपक्ष की विदाई और मातृपक्ष के आगमन के साथ ही बंगाल में दुर्गोत्सव का उल्लास छाने लगा है।दुर्गापूजा के स्वागत में कोलकाता उत्सव के रंगों से सजने लगा है। महालया के अवसर पर शनिवार को राज्य की शहरी विकास एवं नगर पालिका मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पार्क सर्कस सेवन पॉइंट और रेड रोड पर अपने हाथों से अल्पना बनाकर सबका ध्यान आकर्षित किया। सड़क पर बैठकर पारंपरिक रंगोली बनातीं मंत्री की तस्वीरें चर्चा का विषय बनी रहीं। बंगाल में महालया को मां दुर्गा के आगमन का संदेश देने वाला विशेष अवसर माना जाता है।

इसी क्रम में अग्निमित्रा पॉल ने अल्पना बनाकर दुर्गोत्सव के प्रति अपनी आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव प्रदर्शित किया। उन्होंने सामाजिक माध्यम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि महालया की सुबह उन्होंने स्वयं सड़क पर अल्पना बनाई। साथ ही कामना की कि मां दुर्गा के आगमन से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए। उन्होंने प्रदेशवासियों को महालया की शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान रेड रोड पर दुर्गापूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। महालया के साथ ही कोलकाता में दुर्गोत्सव का उत्साह बढ़ने लगा है और शहर के प्रमुख स्थलों पर पूजा की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं।

