
कोलकाता, 10 अक्टूबर । सेठ सूरजमल जालान बालिका विद्यालय द्वारा ब्रेकिंग थ्रू डिस्लेक्सिया के साथ संयुक्त तत्वावधान में डिस्लेक्सिया जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक वर्ग की कक्षाओं में विभिन्न जागरुकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही डिस्लेक्सिया पर आधारित प्रस्तुतियां और चर्चाएं हुई, जिनमें अनुभवी शिक्षिकाओं ने विभिन्न तकनीकों का उपयोग कर बच्चों को समझाया।
संस्था की संस्थापक ट्रस्टी एवं विद्यालय की उपाध्यक्ष दिव्या जालान ने बताया कि बच्चों को पढ़ने, लिखने एवं सीखने में आ रही समस्या को ही डिस्लेक्सिया कहा जाता है। यह कोई बौद्धिक विकलांगता या कम बुद्धिमत्ता की समस्या नहीं है, बल्कि एक न्यूरोलॉजिकल स्थिति है जो बच्चों के सही ढंग से पढ़ने, लिखने और वर्तनी की क्षमता को प्रभावित करती है। इससे पीड़ित बच्चे सामान्य या उससे अधिक बुद्धिमान हो सकते हैं। कई प्रसिद्ध हस्तियां है जिन्होंने डिस्लेक्सिया के बावजूद वैश्विक सफलता हासिल की है, जिनमें ह्रितिक रोशन, सन्नी देओल, अभिषेक बच्चन, बोमन ईरानी, शेखर कपूर, स्टीव जॉब्स, पाब्लो पिकासो, स्टीवन स्पिलबर्ग एवं अल्बर्ट आइंस्टाइन प्रमुख हैं।
इस पूरे अभियान की इंचार्ज एवं प्राथमिक वर्ग की प्रधानाध्यापिका अन्नू सिंह कहा कि हम दृढ़ता से मानते हैं कि डिस्लेक्सिया के बारे में जागरूकता और सटीक जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचनी चाहिए। हमारा मानना है कि अन्य बच्चों के साथ तुलना करने के बजाय उनकी ताक़त को समझें और उन्हें उनकी उड़ान भरने का हौसला दें, तो डिसलेक्सिक बच्चे बहुत सफल हो सकते हैं। विशेष बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने की पहल है हमारा यह अभियान।
सचिव भागीरथ सारस्वत ने बताया कि हमारी मार्गदर्शक एवं कोलकाता महानगर में इस जागरूकता अभियान की प्रणेता दिव्या जालान की प्रेरणा से आयोजित सप्ताहव्यापी अभियान में विद्यालय भवन (श्रीराम मंदिर) को लाल रंग की रोशनी से सजाया गया। इसी कड़ी में विद्यालय भवन से मोहम्मद अली पार्क तक एक जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया जिसमें करीब 700 लोगों ने लाल रंग के परिधान में भाग लिया। पदयात्रा में शामिल छात्राओं, शिक्षिकाओं के साथ ही बीटीडी तथा विद्यालय कर्मचारी सभी लाल वस्त्रों में थे। विद्यालय की छात्राओं द्वारा बजाये गये ढोल की ऊर्जावान थाप ने पदयात्रा में जोश भर दिया।
जोड़ासांको के विधायक विजय ओझा ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि डिस्लेक्सिया के बारे में लोग जानते नहीं है। उन्होंने जागरूकता अभियान को और भी बड़े स्तर पर आयोजित करने में अपने सहयोग का आश्वासन दिया। आयोजन को सफल बनाने में माध्यमिक वर्ग की प्रधानाध्यापिका नूपुर बनर्जी, उप प्रधानाध्यापिका नीतू गुहा व सुमेरा सज्जाद, बीटीडी टीम से अरुणा भास्कर, श्वेता वोरा, सुष्मिता राय, अपराजिता घोष प्रज्ञा जालान एवं मिहिका जालान सक्रिय रहीं।
