
कुल्टी। कुल्टी के न्यू रोड स्थित मनोरमा सभागार में रविवार देर शाम एंजेलो आर्ट अकादमी की ओर से मेगा चित्रांकन प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रसिद्ध चित्रकार एवं एंजेलो आर्ट अकादमी के प्रिंसिपल चंदन पाल ने किया। प्रतियोगिता में आसनसोल शिल्पांचल के विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुल्टी मदद फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर चौबे, भारत विकास फाउंडेशन के चेयरमैन पापन बनर्जी तथा कार्यकारिणी सदस्य रिया दास के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर चित्रकार चंदन पाल ने सभी अतिथियों को उत्तरीय एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि रवि शंकर चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा रचनात्मक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने एंजेलो आर्ट अकादमी और चंदन पाल के प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की कामना की।
समारोह की सबसे खास बात यह रही कि प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए दी गई आकर्षक ट्रॉफियां स्वयं चित्रकार चंदन पाल ने अपने हाथों से तैयार की थीं। उनके इस अनूठे प्रयास की उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सहभागिता मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि चारों वर्गों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए टिफिन की भी व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के आयोजक एवं चित्रकार चंदन पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल्टी, बराकर, नियामतपुर, बर्नपुर और आसनसोल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक मंडल के सदस्य विशेष रूप से कोलकाता से आमंत्रित किए गए थे। उनका उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी कला को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ।
