रानीगंज में पहली बार ‘रन फॉर रानीगंज’ मैराथन, 600 लोगों ने लगाई दौड़

आभ्या फाउंडेशन की पहल, बच्चों से बुजुर्गों तक ने लिया हिस्सा; मोबाइल की लत छोड़ मैदान से जुड़ने का संदेश

रानीगंज।दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल के बीच रानीगंज में रविवार को पहली बार ‘रन फॉर रानीगंज’ मैराथन का आयोजन किया गया। आभ्या फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस दौड़ में करीब 600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह के साथ दौड़ लगाकर स्वस्थ जीवन और शारीरिक तंदुरुस्ती का संदेश दिया। पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा बिहार और झारखंड से भी प्रतिभागी पहुंचे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ लोगों में फिटनेस और अपने शहर के प्रति जुड़ाव की भावना बढ़ाना था। मैराथन की शुरुआत रॉबिन सेन स्टेडियम से हुई। प्रतिभागियों ने रानीगंज बाजार के रास्ते दौड़ लगाई और वापस स्टेडियम पहुंचकर इसे पूरा किया। आयोजन में भाजपा नेता शमशेर सिंह,प्रदेश भाजपा युवा नेता कुंदन साहा,मोनू वर्मा,पंकज सिंह,मयंक सिंह, अविनाश चतुर्वेदी, आभ्या फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष परितोष सिंह तथा रानीगंज फिजिकल अकादमी के संस्थापक रवि राउत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान रानीगंज के विभिन्न क्षेत्रों से आए डिजिटल सामग्री निर्माताओं को भी सम्मानित किया गया।आभ्या फाउंडेशन के अध्यक्ष परितोष सिंह ने कहा कि रानीगंज में पहली बार इतने बड़े स्तर पर मैराथन आयोजित की गई, जिसमें करीब 600 लोगों की भागीदारी उत्साहजनक रही। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, पिछले 20 दिनों से तैयारी में जुटे स्वयंसेवकों और रवि राउत की टीम के प्रति आभार जताया। साथ ही, व्यवस्था में किसी प्रतिभागी को परेशानी होने पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शहर में खेलकूद और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।भाजपा नेता शमशेर सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज मोबाइल और खेलों के प्रति बढ़ते आकर्षण के कारण युवा मैदान से दूर होते जा रहे हैं। स्कूल और ट्यूशन के बाद उनका काफी समय मोबाइल पर बीतता है। ऐसे में युवाओं को खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पहले दिन आयोजित इस मैराथन ने ऊर्जा, उत्साह और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया है।समाजसेवी कुंदन साहा ने कहा कि रानीगंज के युवाओं को स्वस्थ और सक्रिय रखने के साथ शहरवासियों को एकजुट करना भी इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य है। करीब 600 लोगों की भागीदारी शहर के प्रति लोगों के लगाव को दर्शाती है। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह की पहल जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *