कोलकाता में सेवेन प्वाईंट कनेक्टर पर सजी भव्य रंगोली, निरीक्षण करने पहुंची मंत्री अग्निमित्रा पाल

कोलकाता, 09 अक्टूबर । आगामी शनिवार को महालया के साथ ही मां दुर्गा का आगमन हो रहा है। दुर्गोत्सव के अवसर पर कोलकाता शहर को रेड रोड सहित विभिन्न स्थानों को भव्य अंदाज में सजाया जा रहा है। दुर्गापूजा के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर भव्य रंगोली बनाई जा रही है। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि पितृपक्ष के समापन के बाद देवीपक्ष शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि कोलकाता के सेवेन प्वाईंट पर इस विशेष रंगोली के माध्यम से शहर की सुंदरता को और निखारा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन स्थानों पर जाकर रंगोली को जरूर देखें। उन्होंने यह भी कहा कि कोलकाता के अलग-अलग हिस्सों में शहर को सुंदर बनाने के लिए कई अन्य पहल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद कलाकारों ने अपने काम के प्रति समर्पण दिखाया और रंगोली बनाने का कार्य जारी रखा।

अग्निमित्रा पाल ने इस पहल का श्रेय गोपाल और उनके साथ काम करने वाली पूरी टीम को दिया। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण रंगोली बनाने में काफी परेशानियां आईं। पहले जमीन पर प्राइमर लगाया गया, फिर लाल रंग किया गया। बारिश होती रही और रात में भी बारिश ने काम में बाधा डाली। हालांकि, कलाकारों ने हिम्मत नहीं हारी और लाल पृष्ठभूमि पर शुभ अवसरों की पारंपरिक रंगोली तैयार की।

उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया और कहा कि जनता के आशीर्वाद, शुभकामनाओं और सहयोग से ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *