
जामुड़िया। जहां एक ओर पुरे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अन्नपूर्णा भंडार की राशि नहीं मिलने को लेकर महिलाओं द्वारा आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में इससे अलग तस्वीर देखने को मिली। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या एक अंतर्गत शांतिनगर के बूथ संख्या 47 क्षेत्र में अन्नपूर्णा भंडार की राशि मिलने से लाभार्थी महिलाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। राशि मिलने की खुशी में महिलाओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और इस पहल के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी तथा क्षेत्र के समाजसेवी विश्वजीत मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि लंबे समय से वे अन्नपूर्णा भंडार की राशि मिलने की प्रतीक्षा कर रही थीं। अब उनके खातों में राशि आना शुरू होने से परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में उन्हें काफी सहायता मिलेगी। क्षेत्र के समाजसेवी के रूप में परिचित विश्वजीत मिश्रा ने बताया कि शांतिनगर के बूथ संख्या 47 क्षेत्र में लगभग 95 प्रतिशत पात्र महिलाओं के अन्नपूर्णा भंडार की राशि उनके खातों में आनी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं का अधिकांश हिस्सा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आता है। ऐसे परिवारों के लिए प्रतिमाह मिलने वाली तीन हजार रुपये की राशि काफी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सीमित आय वाले परिवारों में तीन हजार रुपये की सहायता से घरेलू खर्च, बच्चों की आवश्यकताओं तथा अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में काफी सहूलियत होगी। राशि मिलने से महिलाओं के चेहरे पर खुशी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। विश्वजीत मिश्रा ने कहा कि उन्हें इस बात की विशेष खुशी है कि क्षेत्र की जरूरतमंद और पात्र महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार की राशि मिलनी शुरू हो गई है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तथा जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी के प्रति भी आभार व्यक्त किया।विश्वजीत मिश्रा ने कहा कि जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने क्षेत्र की महिलाओं से यह आश्वासन दिया था कि विधानसभा क्षेत्र में ऐसी कोई भी पात्र महिला नहीं रहेगी, जो योजना के लाभ से वंचित रह जाए। अब क्षेत्र में बड़ी संख्या में पात्र महिलाओं को राशि मिलना शुरू होने से उनके उस आश्वासन के पूरा होने की दिशा में प्रगति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को अभी तक किसी कारणवश राशि नहीं मिली है, उनकी समस्याओं को भी सामने लाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि योजना के लिए पात्र कोई भी जरूरतमंद महिला लाभ से वंचित न रहे।अन्नपूर्णा भंडार की राशि मिलने से खुश महिलाओं ने कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में इस राशि से काफी मदद मिलेगी। महिलाओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर अपनी खुशी साझा की और योजना की राशि मिलने को लेकर संतोष व्यक्त किया।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी तथा समाजसेवी विश्वजीत मिश्रा को विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचना संभव हुआ है।शांतिनगर में सामने आई यह तस्वीर ऐसे समय में देखने को मिली है, जब राज्य के कई इलाकों में अन्नपूर्णा भंडार की राशि को लेकर लाभार्थियों की समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में जामुड़िया के वार्ड संख्या एक के बूथ संख्या 47 क्षेत्र में राशि मिलने के बाद महिलाओं की खुशी और आपसी उत्साह ने स्थानीय स्तर पर योजना के लाभ को लेकर एक सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत की।
