
दुर्गापुर। डीपीएल टाउनशिप इलाके में रविवार रात पूर्व तृणमूल पार्षद शशांक शेखर मंडल की वापसी के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। उनके घर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने उनके आवास पर तोड़फोड़ कर दी।
सूचना मिलते ही कोकोवेन थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं संभलने पर लाठीचार्ज किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
बताया गया है कि शशांक शेखर मंडल दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड नंबर 39 के पूर्व तृणमूल पार्षद हैं। चुनाव के बाद से वह इलाके से बाहर रह रहे थे। रविवार शाम उनके वापस लौटने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ रंगदारी, धमकी और भ्रष्टाचार समेत लगाए गए विभिन्न आरोपों का हवाला देते हुए विरोध जताया।
लगभग तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने पूर्व पार्षद शशांक शेखर मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ रंगदारी और लोगों को धमकाने सहित कई गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद डीपीएल टाउनशिप और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
