भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 की भव्य शुरुआत, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन

नई दिल्ली/कोलकाता। भारतीय व्यापार जगत के लिए एक ऐतिहासिक पहल के रूप में प्रस्तावित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के आयोजन की मंगल शुरुआत भव्य भूमि पूजन समारोह के साथ हुई। इस अवसर पर देशभर से जुड़े व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन सुभाष अग्रवाला ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के व्यापारिक सामर्थ्य, स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर भारत की भावना को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उज्जैन के प्रख्यात वेद शास्त्री श्री दुर्गेश तारे एवं विद्वान आचार्यगणों द्वारा विधि-विधानपूर्वक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न कराया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप हुए इस शुभ आयोजन ने महोत्सव की औपचारिक शुरुआत को विशेष गरिमा प्रदान की।
सुभाष अग्रवाला ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से देशभर के व्यापारियों, उद्यमियों, MSMEs और स्टार्टअप्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे अपने उत्पादों और क्षमताओं को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के साथ-साथ नए व्यापारिक अवसरों, साझेदारियों और बाजारों से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘स्वदेशी से समृद्धि’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को केंद्र में रखते हुए भारतीय व्यापार महोत्सव देश के व्यापारिक समुदाय की शक्ति, नवाचार और उद्यमशीलता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
भूमि पूजन समारोह में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल सहित देशभर से आए अनेक वरिष्ठ व्यापारी प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महोत्सव की इस शुभ शुरुआत के साथ ही भारतीय व्यापार जगत ने एक ऐसे मंच की दिशा में कदम बढ़ाया है, जो भारतीय उत्पादों, भारतीय उद्यमिता और भारतीय व्यापारिक क्षमता को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *