रानीगंज। पश्चिम बर्दवान जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी के आवास पर बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय लोगों के एक समूह ने उनके घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने आवास में तोड़फोड़ भी की, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी के पुत्र का एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध को लेकर लंबे समय से क्षेत्र में असंतोष व्याप्त था। लोगों का कहना है कि इस मामले की जानकारी कई बार सभाधिपति को दी गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इसी कथित निष्क्रियता के विरोध में बुधवार देर शाम बड़ी संख्या में लोग उनके आवास के सामने एकत्र हुए और विरोध-प्रदर्शन किया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने आवास में तोड़फोड़ भी की। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना की निमचा पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं तथा किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है या नहीं, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
वहीं, जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी अथवा उनके परिवार की ओर से भी इस घटना और लगाए गए आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
