दुर्गापुर के कांकसा में सरकारी सामग्री बरामदगी मामले में तृणमूल के दो नेता गिरफ्तार, अदालत में पेशी

दुर्गापुर । पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर में कथित रूप से सरकारी सामग्री जमा रखने के मामले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को दुर्गापुर के गोपालपुर स्थित तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन के पार्टी कार्यालय तथा एक स्थानीय तृणमूल नेता के आवास से बड़ी मात्रा में सरकारी उपयोग की सामग्री बरामद होने का मामला सामने आया। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय का ताला तोड़कर वहां रखी सामग्री को बाहर निकाला और दावा किया कि यह सरकारी सामान है। घटना की सूचना मिलने पर कांकसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए जब्त कर लिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि तृणमूल नेता शिवदास मंडल के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई तथा उनपर अंडे भी फेंके गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखी। मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर कांकसा थाना पुलिस ने तृणमूल नेता शिवदास मंडल और मानस दत्त को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद सामग्री वास्तव में सरकारी राहत सामग्री है या नहीं तथा वह वहां कैसे पहुंची। जांच के दौरान दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *