
भाजपा ने सरकारी राहत सामग्री के दुरुपयोग का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्गापुर। दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुर में बुधवार को उस समय भारी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब तृणमूल श्रमिक संगठन के एक कार्यालय से बड़ी मात्रा में सरकारी सामग्री मिलने का आरोप सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भाड़ी भीड़ जुट गई और राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल श्रमिक संगठन से जुड़े नेता शिबदास मंडल के कब्जे वाले पार्टी कार्यालय से विश्व बांग्ला लोगो लगे लगभग 250 सरकारी तिरपाल, कई बोरी सरकारी मछली चारा तथा ब्लीचिंग पाउडर बरामद किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि कार्यालय का दरवाजा खुलते ही भीतर बड़ी मात्रा में सरकारी सामग्री रखी हुई मिली, जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी गई। भाजपा नेताओं का आरोप है कि यह सामग्री आम लोगों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के लिए आवंटित की गई थी, जिसे कथित रूप से पार्टी कार्यालय में जमा कर रखा गया था। पार्टी ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता संग्राम मुखोपाध्याय ने आरोप लगाया कि शिबदास मंडल लंबे समय से सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना के बाद क्षेत्र में भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने तृणमूल नेता के विरोध में नारेबाजी की और उनके ऊपर अंडे भी फेंके। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी। वहीं पुलिस ने बरामद सामग्री के स्रोत, उसकी वैधता तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
