मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से किया पांडवेश्वर थाना के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन

पांडवेश्वर। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत पांडवेश्वर थाना के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह को लेकर थाना परिसर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी निर्धारित वर्दी में मौजूद रहे। बीएलआरओ कार्यालय के समीप निर्मित पांडवेश्वर थाना का नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होने के साथ-साथ क्षेत्रफल की दृष्टि से भी काफी विस्तृत एवं व्यवस्थित है। नए भवन के शुरू होने से पुलिस प्रशासन के कार्यों में और अधिक दक्षता आने के साथ-साथ आम लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का सबसे बड़ा दायित्व जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा उस पर शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग का संबंध मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया तथा कहा कि पुलिस का व्यवहार हमेशा संवेदनशील, मित्रवत और जनहितकारी होना चाहिए। इस अवसर पर पांडवेश्वर थाना प्रभारी सुशोभन बनर्जी ने पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह में पुलिस उपायुक्त, सर्किल इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने पांडवेश्वर थाना के नए भवन के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन के शुरू होने से पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *