अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए आवेदन अब होगा पूरी तरह ऑनलाइन, एक जून से खातों में पहुंचेगी राशि : अग्निमित्रा पाल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद महिलाओं के लिए शुरू की जा रही ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी घोषणा की है। विधायक पद की शपथ लेने के बाद नगर विकास एवं महिला एवं बाल कल्याण मंत्री Agnimitra Paul ने स्पष्ट किया कि अब योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार एक सरल एवं सुगम ऑनलाइन पोर्टल तैयार कर रही है, ताकि ग्रामीण एवं कम शिक्षित महिलाएं भी बिना किसी परेशानी के स्वयं आवेदन कर सकें। उन्होंने बताया कि पूर्व में ‘द्वारे सरकार’ शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ दिया जाता था, लेकिन अब पारदर्शिता और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभाग को तत्काल पोर्टल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वादे के अनुरूप आगामी 1 जून से योजना की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी। मंत्री ने कहा कि जिन महिलाओं को वर्तमान में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का लाभ मिल रहा है, उन्हें स्वतः ही ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। हालांकि मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और सरकारी धन के दुरुपयोग को रोकने के लिए लाभार्थियों के आंकड़ों का विशेष विश्लेषण किया जाएगा। इसके तहत मृत व्यक्तियों, गैर-नागरिकों अथवा अपात्र लोगों के नाम सूची से हटाए जाएंगे, ताकि वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं तक सीधे लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिना किसी बिचौलिये के पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाना है। नई व्यवस्था को लेकर महिलाओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *