
उत्तर कोलकाता भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने सूरज सिंह
कोलकाता । पिछले साल संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी की शिकस्त के बाद सांगठनिक टूट से जूझ रही प्रदेश भाजपा ने आखिरकार ऐसे लोगों को संगठन में जिम्मेदारी देनी शुरू कर दी है जिनका जमीनी जनाधार बड़ा है। हाल में पार्टी में हुई बड़ी फेरबदल में इसकी झलक देखी जा सकती है। उत्तर कोलकाता में युवा मोर्चा का अध्यक्ष सूरज सिंह को बनाया गया है जबकि हुगली में राजीव घोरामी और झाड़ग्राम में राजेन हेंब्रम को। तीनों हिंदुत्व का प्रखर चेहरा रहे हैं। सूरज हिंदू संहति के दिग्गज नेता रहे तपन घोष के साथ काम कर चुके सूरज ने कहा कि उत्तर कोलकाता हिंदी भाषियों का गढ़ है और यहां लंबे समय से हिंदू समुदाय को दोयम दर्जे का नागरिक बना कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि माकपा शासन में जो बदहाली यहां हिंदुओं के थी उससे भी बड़ी बदहाली ममता के शासन में हो गई है। सूरज सिंह ने कहा कि वह हमेशा हिंदुत्व के लिए लड़ते रहे हैं और आगे भी लड़ेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन झूठे मामलों में फंसाते हैं। तृणमूल नेताओं के इशारे पर प्रशासन काम करता है। इन सब के खिलाफ व्यापक आंदोलन होगा।

उल्लेखनीय है कि सूरज सिंह का संबंध बिहार के बड़े राजनीतिक घराने से रहा है। इसके अलावा बंगाल में रहने वाले बिहारी और हिंदी समुदाय के संगठनों से भी उनका गहरा नाता है। वह हिंदू जागरण मंच के सदस्य रहे हैं और कोलकाता में कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व कर चुके हैं। उन्हें इसकी वजह से जेल भी जाना पड़ा था। माना जा रहा है कि प्रदेश भाजपा के उभरते युवा नेता को उत्तर कोलकाता का भाजपा युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त करने के पीछे भारतीय जनता पार्टी की बड़ी चुनावी रणनीति है।
