आसनसोल में अवैध शराब और जुए के अड्डे पर पुलिस की कार्रवाई

आसनसोल । अवैध शराब की बिक्री और जुए के खिलाफ सालानपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें होटल में कथित तौर पर जुए का अड्डा चलाने का आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने अवैध शराब के मामले में तीन लोगों को पकड़ा है। सभी आरोपियों को शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई गुरुवार को कल्याणेश्वरी फांड़ी की पुलिस ने केंदुआ-कल्याणेश्वरी रोड पर की। सैनी होटल और प्रिया होटल में छापेमारी के दौरान सैनी होटल के मालिक संजीव सूत्रधर और प्रिया होटल के कर्मचारी दिलीप मंडल को अवैध शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा रामडी मोड़ से मलय मंडल को कथित तौर पर शराब की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 60 बोतल शराब जब्त की। इनमें 30 बोतल देसी शराब, 20 बोतल बीयर और 10 बोतल विदेशी व्हिस्की शामिल हैं। पुलिस ने दूसरी कार्रवाई देंधुआ मोड़ स्थित महामाया होटल में की। फांड़ी प्रभारी पार्थ सरकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर कथित तौर पर पिछले सात दिनों से चल रहे ‘राजा-रानी’ जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया। मौके से जितेंद्र चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से 2,200 रुपये नकद, जुए का गेम बोर्ड, हिसाब-किताब की कॉपी और मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है और पिछले पांच वर्षों से बनजेमारी में रहकर कथित तौर पर यह गतिविधि चला रहा था। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *