
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बोगड़ा इलाके स्थित बोगड़ा स्कूल मार्केट में एक दुकान पर कथित हमले और तोड़फोड़ के आरोप को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है। इस मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जामुड़िया मंडल-3 के महासचिव देवजीत गराई ने कुछ लोगों के विरुद्ध उनकी दुकान में घुसकर हमला करने, तोड़फोड़ करने तथा आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। वहीं, जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया है तथा स्वयं भी प्रशासन का दरवाजा खटखटाने की बात कही है। शिकायतकर्ता देवजीत गराई का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व बोगड़ा उदयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब के सचिव सुजीत नायक सहित कुछ लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और वहां कथित रूप से तोड़फोड़ तथा हंगामा किया। उनका कहना है कि इस घटना में दुकान के भीतर रखे सामान को नुकसान पहुंचा, जिससे उन्हें आर्थिक क्षति हुई। घटना के बाद उन्होंने जामुड़िया थाना के श्रीपुर पुलिस फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। हालांकि, इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों तथा क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है। दूसरी ओर, बोगड़ा उदयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब के सचिव सुजीत नायक ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह असत्य, बेबुनियाद और उद्देश्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि न तो उनका और न ही उनके क्लब के किसी सदस्य का इस कथित घटना से कोई संबंध है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्लब की सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने और उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह शिकायत की गई है। सुजीत नायक ने कहा कि वे भी पूरे मामले को लेकर प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे तथा कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाएंगे। इधर, पुलिस के अनुसार शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता एवं आरोपित दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर ही आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन फिलहाल जांच प्रारंभिक चरण में है। ऐसे में किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
