पेड़ हैं तो भविष्य है’: जामुड़िया से शुरू हुआ ‘अरण्य सप्ताह’

– बच्चों को पौधारोपण से जोड़ने पर विशेष जोर

रानीगंज: पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर मंगलवार से राज्यव्यापी ‘अरण्य सप्ताह’ कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर जामुड़िया क्षेत्र के श्रीपुर स्थित गुंजन पार्क में भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जहां पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से निपटने और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण को लेकर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिला शासक एस. पोन्नावलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों का सबसे प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
इस अवसर पर जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर राज्यभर में ‘अरण्य सप्ताह’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी, विशेषकर बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें पौधारोपण के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा, “सिर्फ पौधा लगा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल भी उसी तरह करनी होगी, जैसे हम एक छोटे बच्चे का पालन-पोषण करते हैं। पेड़ रहेंगे, तभी हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित होगा।”
डॉ. मुखर्जी ने आगे बताया कि क्षेत्र में हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की खाली पड़ी जमीनों पर भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने की योजना बनाई जा रही है। इस संबंध में ईसीएल अधिकारियों के साथ बातचीत जारी है, ताकि अनुपयोगी भूमि को हरित क्षेत्र में परिवर्तित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की ओर से वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि ‘अरण्य सप्ताह’ के तहत अगले सात दिनों तक एक विशेष मोबाइल वैन पश्चिम बर्दवान जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेगी। इस वैन के माध्यम से आम लोगों के बीच नि:शुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा तथा लोगों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
समारोह के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने गुंजन पार्क परिसर में पौधारोपण कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस जन-अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *