पुरुलिया में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और तृणमूल युवा नेता गिरफ्तार

पुरुलिया, 14 जुलाई । पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और तृणमूल कांग्रेस के जिला युवा अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को सोमवार रात पुरुलिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। मंगलवार को अदालत में पेशी के दौरान उनके खिलाफ “चोर-चोर” के नारे लगाए गए। गिरफ्तार इन्फ्लुएंसर की पहचान तुषार अवस्थी के रूप में हुई है, जो “पासे आछि पुरुलिया” नाम से एक फेसबुक पेज चलाता है।

पुलिस के अनुसार, विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले वह तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में लगातार कथित रूप से भड़काऊ वीडियो और पोस्ट साझा करता था। आरोप है कि उसके कई पोस्ट भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और विधायक सुदीप मुखर्जी को निशाना बनाकर किए गए थे।

पुलिस ने जिला तृणमूल युवा अध्यक्ष गौरव सिंह को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के अलावा बाउड़ी समुदाय के एक युवक को धमकाने और मारपीट करने के आरोप भी दर्ज हैं।

पुलिस ने तुषार अवस्थी के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, तुषार अवस्थी और गौरव सिंह के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि वर्ष 2021, 2022 और 2026 में पुरुलिया शहर के मुंसेफडांगा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर बाउड़ी समुदाय के एक युवक के साथ मारपीट और धमकी दी गई थी।

गिरफ्तार गौरव सिंह ने अदालत ले जाते समय कहा कि तृणमूल करने पर मुकदमे होना तय है।

उधर, इसी एससी/एसटी अत्याचार मामले में गिरफ्तार जिला परिषद के उपाध्यक्ष सुजय बनर्जी का भी पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद मंगलवार को फिर अदालत में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कौन-सी नई धाराएं जोड़ी गई हैं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है और इस बारे में पुलिस ही बता सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *