
बल्लभपुर पुलिस फाड़ी की तत्परता से परिवार को मिली राहत, परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
रानीगंज। रानीगंज के एगार ग्राम पंचायत अंतर्गत साहेबगंज क्षेत्र का एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक मंगलवार दोपहर अपने घर से अचानक लापता हो गया। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के सदस्यों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों के घरों और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने बल्लभपुर पुलिस फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही बल्लभपुर पुलिस फाड़ी के प्रभारी पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने युवक के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और विभिन्न क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चलाया।स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई तथा उपलब्ध सभी संभावित सुरागों के आधार पर खोजबीन तेज कर दी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों का परिणाम यह रहा कि शिकायत दर्ज होने के मात्र आठ घंटे के भीतर लापता युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वही अपने बेटे के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और बल्लभपुर पुलिस फाड़ी के प्रभारी पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती सहित पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली के कारण ही उनका बेटा इतने कम समय में सुरक्षित मिल सका। इस घटना के बाद क्षेत्र में बल्लभपुर पुलिस फाड़ी की कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने जिस मानवीय संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ खोज अभियान चलाकर युवक को सकुशल बरामद किया, उससे आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा कि संकट की घड़ी में पुलिस की इस प्रकार की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई समाज में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास के संबंधों को भी मजबूत करती है।
