कोलकाता पहुंचे अनुपम खेर, बंगाल से विश्वस्तरीय एक्टिंग स्कूल की शुरुआत का किया ऐलान

कोलकाता, 26 जून । मशहूर फिल्म अभिनेता व प्रोडूसर अनुपम खेर ने 26 वर्ष बाद पश्चिम बंगाल पहुंचकर राज्य के फिल्म और सांस्कृतिक जगत को लेकर बड़ी घोषणा की। शुक्रवार को कोलकाता पहुंचने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनकी कंपनी अनुपम खेर स्टूडियो एंड फ्रेंचाइजी ग्रुप निर्माता फिरदौसुल हुसैन के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल से एक नई फिल्म “शुरु थेके शुरु” बनाने जा रही है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक नई फिल्म की शुरुआत नहीं है, बल्कि बंगाल के फिल्म उद्योग के लिए एक नए दौर का प्रतीक है।

अभिनेता अनुपम खेर ने बताया कि उनकी इच्छा है कि पश्चिम बंगाल में एक विश्वस्तरीय एक्टिंग स्कूल स्थापित किया जाए, जहां नई प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बंगाल प्रतिभाओं से भरी भूमि है और यदि यहां के कलाकारों को सही अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि संगीत, साहित्य और फिल्म संस्कृति की मजबूत नींव पश्चिम बंगाल की धरती से जुड़ी रही है। बंकिम चंद्र चटर्जी, मानिक बनर्जी और अन्य महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल हमेशा से सृजन और संस्कृति का केंद्र रहा है, इसलिए इस नई पहल की शुरुआत भी यहीं से की जा रही है।

अभिनेता अनुपम खेर ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के दौरान उन्हें इस पहल के लिए सहयोग और शुभकामनाएं मिलीं। उन्होंने कहा कि राज्य में सांस्कृतिक और रचनात्मक विकास की दिशा में सकारात्मक माहौल दिखाई दे रहा है।

उन्होंने यह भी याद किया कि लगभग 26 वर्ष पहले उन्होंने बंगाल में अभिनेत्री ऋतुपर्णा के साथ काम किया था और अब एक बार फिर राज्य के फिल्म उद्योग से जुड़ना उनके लिए विशेष अनुभव है।

कोलकाता पहुंचने के अनुभव साझा करते हुए अनुपम खेर ने कहा कि यहां पहुंचते ही उन्हें एक बदला हुआ और नई ऊर्जा से भरा माहौल महसूस हुआ, जो भविष्य की नई संभावनाओं का संकेत देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *