
जामुड़िया। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जामुड़िया क्षेत्र में शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया बोरो-1 अंतर्गत वार्ड संख्या 5 स्थित एबी पिट मोड़ पर आयोजित किया गया, जहां जामुड़िया से चांदा जाने वाली मुख्य सड़क से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों को शीतल शरबत वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान चार पहिया वाहन चालकों, दो पहिया वाहन चालकों, टोटो चालकों, साइकिल सवारों तथा पैदल राहगीरों को शरबत पिलाकर गर्मी से राहत प्रदान की गई। भीषण धूप और उमस के बीच आयोजित इस सेवा कार्य को लोगों ने सराहा तथा बड़ी संख्या में इसका लाभ उठाया। इस अवसर पर भाजपा मंडल-4 के उपाध्यक्ष सनी सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद पार्टी कार्यकर्ता जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा और संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के तहत पूरे राज्य में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में भीषण गर्मी को देखते हुए एबी पिट भाजपा इकाई की ओर से शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रही है। आने वाले दिनों में क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। इसके अलावा स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई अभियान भी आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। सनी सिंह ने बताया कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए बड़े पैमाने पर फुटबॉल एवं क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही समाजहित से जुड़े अन्य कई कार्यक्रम भी चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। इस कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से विशाल सिंह, जगबहादुर पासवान, अजय राजवंशी, विक्की नोनिया, तुषार बहादुर, विनोद नोनिया सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
