हावड़ा के ‘शरद सदन’ में सजेगी शब्दों की महफ़िल

पद्मश्री संतोष आनंद के सान्निध्य में होगा ‘विराट कवि सम्मेलन’

​हावड़ा: सुरों की सरगम और भावनाओं के ज्वार से सराबोर होने के लिए कोलकाता का जुड़वां शहर हावड़ा पूरी तरह तैयार है। आगामी 15 फरवरी 2026 शाम 4:00 बजे से हावड़ा के प्रतिष्ठित ‘शरद सदन’ के प्रांगण में एक ऐतिहासिक ‘विराट कवि सम्मेलन’ का आयोजन होने जा रहा है। यह शाम न केवल कविताओं की होगी, बल्कि भारतीय साहित्य की जिजीविषा और सांस्कृतिक चेतना का एक उत्सव भी होगी। ​इस कार्यक्रम की गरिमा को चार चाँद लगाने आ रहे हैं भारतीय गीत परंपरा के स्तंभ और पद्मश्री से सम्मानित श्री संतोष आनंद जी। ‘एक प्यार का नगमा है’ जैसे कालजयी गीतों के रचयिता संतोष आनंद जी इस कवि सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे। उनका सान्निध्य कोलकाता और हावड़ा के साहित्य प्रेमियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। ​आयोजन समिति के अनुसार, इस सम्मेलन में हिंदुस्तान के हर कोने से लब्धप्रतिष्ठ कवि शिरकत कर रहे हैं। कार्यक्रम का कुशल संचालन देश के जाने-माने कवि और अपनी विशिष्ट शैली के लिए प्रसिद्ध जय कुमार रुसवा जी करेंगे। उनकी उपस्थिति यह सुनिश्चित करती है कि हास्य, व्यंग्य और ओज का संगम दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा। ​इस भव्य साहित्यिक महाकुंभ को सफल बनाने में चेयरमैन तारक नाथ दुबे, अध्यक्ष संजय शुक्ला और राष्ट्रीय संरक्षक तारकेश्वर दुबे जी परिषद के सम्मानित सदस्यों की मुख्य भूमिका है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य हिंदी भाषा की मिठास और भारतीय संस्कृति के गौरव को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। तारक नाथ दुबे (चेयरमैन) ने कहा​ “साहित्य केवल शब्दों का मेल नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की आत्मा है। ‘शरद सदन’ में होने जा रहा यह सम्मेलन हावड़ा की धरती पर हिंदी काव्य-धारा का एक ऐसा संगम होगा, जहाँ पद्मश्री संतोष आनंद जी के अनुभव और युवा कवियों के जोश से एक नया इतिहास रचा जाएगा। हमारा उद्देश्य बंगाल की इस पावन भूमि पर हिंदी की मिठास को जन-जन तक पहुँचाना है।” संजय शुक्ल ने कहा ​”कविता समाज का दर्पण होती है और जब संतोष आनंद जी जैसे व्यक्तित्व का आशीर्वाद मिले, तो वह शब्द साधना बन जाती है। हावड़ा के लोग इस ऐतिहासिक शाम के गवाह बनेंगे।” ​साहित्यिक रसास्वादन के इस अनूठे अवसर पर हावड़ा और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में जनसमुदाय के उमड़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *