पुलवामा दिवस पर पांडवेश्वर में शहीद पार्क का गेट बंद होने पर भड़के जितेंद्र तिवारी

पांडवेश्वर। 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले की बरसी के अवसर पर पांडवेश्वर के सीतलपुर स्थित शहीद पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पार्क का मुख्य गेट बंद मिला। इस घटना को लेकर पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। ज्ञात हो कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसी घटना की स्मृति में हर वर्ष 14 फरवरी को देशभर में ‘पुलवामा दिवस’ के रूप में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है। पांडवेश्वर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सीतलपुर स्थित शहीद पार्क में माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। लेकिन जब नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंचे तो शहीद पार्क का गेट बंद पाया गया। इसे लेकर मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए जितेंद्र तिवारी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम में बाधा डालना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष की भावना से ऐसा किया गया है। उन्होंने कहा कि “शहीद किसी दल के नहीं, पूरे देश के होते हैं। यदि शहीद पार्क का गेट श्रद्धांजलि के दिन बंद रखा जाता है, तो यह शहीदों का अपमान है।” जीतेन्द्र तिवारी ने स्थानीय प्रशासन से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। वहीं, कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्क के बाहर ही खड़े होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वही इस घटना के बाद क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहीदों के सम्मान के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *