नगर पालिका चुनाव में तृणमूल का जलवा बरकरार 102 नगरपालिका में प्रचंड जीत, माकपा की साख बची भाजपा-कांग्रेस का नहीं खुला खाता

 

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में रविवार को संपन्न हुए 108 नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम बुधवार को आ गए हैं। इन में से 102 नगरपालिकाओं पर सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने प्रचंड जीत हासिल की है। जबकि बाकी छह नगर पालिकाओं में से चार त्रिशंकु हुई हैं, एक पर माकपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा है जबकि दार्जिलिंग नगरपालिका पर नवगठित पार्टी “हमरो दल” की जीत हुई है। जो चार नगर पालिकाएं त्रिशंकु हुई हैं वे हैं मेदिनिपुर की एगरा, मुर्शिदाबाद की बेलडांगा और झालदा तथा हुगली जिले की चांपदानी।
——
40 सालों बाद अधिकारी परिवार के हाथ से निकली कांथी नगर पालिका
– इस बार तृणमूल कांग्रेस की जीत कई मामलों में खास है। 40 सालों से मेदिनीपुर की जिस कांथी नगर पालिका पर शुभेंदु अधिकारी के परिवार का कब्जा था वह भी इस बार हाथ से फिसल गया है और तृणमूल कांग्रेस ने यहां जीत हासिल की है। इसके अलावा भाजपा के दिग्गज सांसद अर्जुन सिंह के गढ़ भाटपाड़ा नगर पालिका में भी तृणमूल कांग्रेस की जीत हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के आवासीय क्षेत्र बालूरघाट नगरपालिका पर भी तृणमूल का कब्जा हुआ है जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी के सबसे मजबूत गढ़ कहे जाने वाले उनके संसदीय क्षेत्र बहरामपुर की नगरपालिका पर भी तृणमूल कांग्रेस ने इस बार जीत हासिल की है। पिछली बार इस नगरपालिका के 28 में से 26 वार्डों में कांग्रेस जीती थी जबकि तृणमूल को महज दो वार्डो में जीत मिली थी। इस बार यहां तृणमूल ने 22 वार्डों में जीत हासिल की है जबकि बाकी छह वार्डों में कांग्रेस जीत चुकी है।
——-
तृणमूल को मिले हैं 62 फ़ीसदी से अधिक वोट
– राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर शाम 5:00 बजे के करीब अपडेटेड अंतिम आंकड़े के मुताबिक सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस को इन सभी नगर पालिकाओं में 62 फ़ीसदी से भी अधिक वोट मिले हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी को महज 13 फ़ीसदी वोटों से संतोष करना पड़ा है। माकपा को भी भाजपा के लगभग बराबर 13 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस को महज पांच फ़ीसदी लोगों ने वोट दिया है जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी कांग्रेस के बराबर पांच फीसदी वोट हासिल किए हैं।
—-
ताहिरपुर नगर पालिका पर माकपा का कब्जा बरकरार
– राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा को भले ही नगर पालिका चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली है लेकिन लंबे समय से राज्य की राजनीति में अस्तीत्वहिन रही माकपा नगर पालिका चुनाव में भी अपनी साख बचाने में सफल रही है। नदिया जिले की ताहिरपुर नगर पालिका पर पार्टी ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। यहां 13 वार्डों में माकपा ने आठ पर जीत दर्ज की है जबकि तृणमूल को केवल पांच वार्ड मिले हैं।
—-
ममता ने दी पार्षदों को नम्रता की नसीहत, विपक्ष में हिंसा का राग अलापा
– प्रचंड जीत के बाद सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जीते हुए सभी पार्षदों को और अधिक नम्र होने की नसीहत दी है। उन्होंने इस जीत के लिए आम लोगों को धन्यवाद दिया है और कहा है कि यह मां माटी मानुष की जीत है। इसके अलावा विपक्ष की ओर से कांग्रेस के अधीन रंजन चौधरी, माकपा के सुजन चक्रवर्ती, भाजपा के अर्जुन सिंह ने चुनाव के दौरान हिंसा का राग एक बार फिर अलापा है और दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस की यह जीत धांधली की वजह से मिली है।
उल्लेखनीय है कि जिन 108 नगर पालिकाओं में चुनाव हुए थे उनमें से दिनहटा नगर पालिका में तृणमूल कांग्रेस पहले ही बिना प्रतिद्वंदिता जीत चुकी थी। बाकी 107 नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम आज स्पष्ट हुए हैं। 2107 वार्डों में 8160 उम्मीदवार खड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?