
नए पुल के लिए जमीन अधिग्रहित, निर्माण शुरू होने का इंतजार
दुर्गापुर। पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर कांकसा के दोमड़ा में कुनूर नदी पर बना जर्जर पुल हजारों लोगों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है।पानागढ़-मोरग्राम राज्य राजमार्ग पर स्थित इस पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। कई बार मरम्मत के बावजूद समस्या दूर नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों को हादसे के डर के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। यह पुल उत्तर और दक्षिण बंगाल के बीच सड़क संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे मालवाहक ट्रकों, यात्री वाहनों और स्कूली विद्यार्थियों की आवाजाही होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत के कुछ समय बाद ही पुल की स्थिति फिर खराब हो जाती है। नदी में पानी बढ़ने पर खतरा और बढ़ने की आशंका रहती है।पुराने पुल की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए पुल के निर्माण की पहल की गई है। कांकसा के बीडीओ सौरभ गुप्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने नए पुल के लिए जमीन अधिग्रहित कर ली है। निर्माण की योजना पर काम शुरू हो गया है। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने और पूरा होने की समयसीमा स्पष्ट नहीं है।स्थानीय निवासी आनंद गराई ने कहा, “डर के बीच पुल से गुजरना पड़ता है। पानी बढ़ने पर परेशानी और बढ़ जाती है। लंबे समय से नया पुल बनने की बात सुन रहे हैं, लेकिन अब तक काम नहीं हुआ है।”स्थानीय लोगों ने पुराने पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नए पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।
