दुर्गापुर के पानागढ़ बाजार में स्वर्ण कारोबारी से छिनतई के मामले में एक गिरफ्तार

दुर्गापुर । दुर्गापुर के पानागढ़ बाजार में स्वर्ण कारोबारी से हुई छिनतई की घटना के मामले में कांकसा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शेर अली खान उर्फ टेंगाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शुक्रवार देर रात कांकसा के मोल्लापाड़ा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। शनिवार को आरोपित को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, गत 12 जून की शाम पानागढ़ बाजार में स्वर्ण कारोबारी सुबीर पाल के साथ छिनतई की घटना हुई थी। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भय और चिंता का माहौल बन गया था। कारोबारी ने घटना को लेकर कांकसा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बताया गया कि 12 जून की शाम सुबीर पाल पानागढ़ बाजार स्थित अपनी स्वर्ण आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके बैग में सोने और चांदी के कई आभूषणों के अलावा करीब 50 हजार रुपये नकद थे। वह स्कूटी से दुकान से कुछ दूरी आगे ही बढ़े थे कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
आरोप है कि बाइक सवार दोनों युवकों ने चलती स्कूटी के पास पहुंचकर कारोबारी के हाथ से बैग छीनने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना के दौरान कारोबारी और बदमाशों के बीच कुछ देर तक खींचतान हुई। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से कारोबारी स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े। घटना में उन्हें चोटें भी आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपित मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कारोबारी को उपचार के लिए पानागढ़ ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
इसके बाद पुलिस ने घटना की जांच तेज करते हुए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कारोबारी की लिखित शिकायत के आधार पर जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने शेर अली खान उर्फ टेंगाड़ी की पहचान की और शुक्रवार रात कांकसा के मोल्लापाड़ा स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की मांग की है। पुलिस का उद्देश्य छिनतई की पूरी घटना का खुलासा करने के साथ-साथ यह पता लगाना है कि वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस के अनुसार, फिलहाल छिनतई किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान बरामदगी की कोशिश की जाएगी। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, फरार दूसरे आरोपित तथा वारदात के पीछे की पूरी साजिश के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पानागढ़ बाजार में हुई इस घटना के बाद स्थानीय स्वर्ण कारोबारियों और अन्य व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपित की तलाश के साथ-साथ छिनतई किए गए सामान की बरामदगी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *