रानीगंज मे आदिवासी भूमि एवं तालाब पर अवैध कब्जे की कोशिश, विधायक पार्थ घोष ने मौके पर पहुंचकर जताई नाराजगी

रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के पंजाबी मोड़ स्थित जीराडांगा इलाके में आदिवासी समाज के नाम दर्ज भूमि तथा एक तालाब को कथित रूप से अवैध तरीके से भरकर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही रानीगंज के विधायक पार्थ घोष स्वयं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। मौके की स्थिति देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी अभिलेखों में आदिवासी समाज के नाम दर्ज भूमि और तालाब को बिना किसी वैध अनुमति के रात के समय मिट्टी डालकर भरा जा रहा था। आरोप है कि भराई के बाद वहां निर्माण कार्य करने की तैयारी की जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर विधायक तत्काल जीराडांगा पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक पार्थ घोष ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमि माफियाओं के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को आदिवासी समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने कहा कि आदिवासी समाज के नाम दर्ज भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास अत्यंत गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों की निगाहें अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *