आसनसोल में गूंजा ‘सेवा और विकसित भारत’ का संकल्प, पोलो मैदान से निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा सफर को समर्पित हुआ कार्यक्रम, बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

आसनसोल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के सफर को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को आसनसोल के पोलो मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान में आसनसोल का कार्यक्रम भी उत्साह और जोश से भरपूर रहा।
कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। अपने संबोधन के माध्यम से उन्होंने सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद पोलो मैदान से रविंद्र भवन तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को आम जनता तक पहुंचाना रहा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा देश के लिए समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ इसी भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन में बदलने का माध्यम है।


कार्यक्रम में आसनसोल जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय, पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लखन घोरुई तथा दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प की गूंज सुनाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *