पांडवेश्वर के शंकरपुर मे खूंटी पूजा के साथ सार्वजनिक दुर्गा पूजा की तैयारियों का शुभारंभ, इस बार ‘द्वारका नगरी’ थीम पर सजेगा भव्य पंडाल

विधायक जितेंद्र तिवारी रहे मौजूद

पांडवेश्वर। पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर में दुर्गा पूजा 2026 की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। क्षेत्र की प्रतिष्ठित शंकरपुर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति ने रविवार को पारंपरिक खूंटी पूजा के साथ इस वर्ष के दुर्गोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया। धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में दुर्गोत्सव की आहट महसूस करा दी। इस वर्ष पूजा समिति ने श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में ‘द्वारका नगरी’ थीम का चयन किया है। भगवान श्रीकृष्ण की पौराणिक नगरी से प्रेरित इस थीम पर तैयार होने वाला पंडाल अपनी भव्यता, कलात्मकता और सांस्कृतिक प्रस्तुति के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। आयोजकों का कहना है कि पंडाल का निर्माण आधुनिक तकनीक और पारंपरिक भारतीय शिल्पकला के समन्वय से किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता और कला का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी दुर्गापुर की प्रतिष्ठित एनिमा डेकोरेटर्स को सौंपी गई है। समिति का विश्वास है कि संस्था के अनुभवी कारीगर इस बार भी अपनी उत्कृष्ट कला से दर्शकों को एक नया और यादगार अनुभव देंगे। इसके साथ ही आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और साज-सज्जा की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि पूरे दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान शंकरपुर का पूजा मंडप क्षेत्र की प्रमुख आकर्षण स्थलों में शामिल रहे।इस मौके पर पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी मुख्यरूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पूजा समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि दुर्गा पूजा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक सौहार्द का प्रतीक है। इस अवसर पर पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। विधि-विधान के साथ संपन्न हुए खूंटी पूजन के बाद आयोजकों ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पंडाल की थीम के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास रहेगा कि पूजा देखने आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार अनुभव प्राप्त हो। खूंटी पूजा के साथ ही शंकरपुर में दुर्गोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हो गया है। अब क्षेत्र के लोगों को उस भव्य ‘द्वारका नगरी’ थीम वाले पूजा पंडाल का इंतजार है, जो इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धा, कला और सांस्कृतिक वैभव का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *