वन महोत्सव पर रानीगंज टीडीबी कॉलेज के एनसीसी का हरित अभियान, शहरभर में किया पौधरोपण और पौधों का वितरण

रानीगंज। वन महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को रानीगंज के टीडीबी कॉलेज की राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाई द्वारा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण और पौधा वितरण अभियान चलाया गया। पूरे अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधे रोपे, नागरिकों के बीच पौधों का वितरण किया तथा उन्हें हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अभियान का नेतृत्व एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट गणेश रजक ने किया। उनके मार्गदर्शन में कैडेट्स की टीम ने रानीगंज के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को वृक्षों के महत्व से अवगत कराया। कैडेट्स ने बताया कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र आज पूरी मानव सभ्यता के सामने गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में अधिक से अधिक वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने स्थानीय नागरिकों से प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को समझाया कि वृक्ष न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि भू-जल संरक्षण, वर्षा संतुलन, जैव विविधता के संरक्षण तथा बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यावरण को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट गणेश रजक ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण तक सीमित कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने और हरित भविष्य के निर्माण का एक जन-जागरूकता अभियान है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि टीडीबी कॉलेज की एनसीसी इकाई भविष्य में भी समय-समय पर वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जन-जागरूकता अभियान चलाती रहेगी, ताकि समाज में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़े और अधिक से अधिक लोग हरित अभियान से जुड़ सकें। पूरे कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स का उत्साह देखने लायक था। उनके इस सराहनीय प्रयास की स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशंसा की और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। वन महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने शहरवासियों को प्रकृति संरक्षण का सशक्त संदेश दिया और हरित एवं स्वच्छ रानीगंज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *