
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के बोरो-1 अंतर्गत वार्ड संख्या-7 स्थित सतकपुर गांव में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गिर्धन मेटल उद्योग की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत सात नए बोरवेल आधारित जल पंप स्थापित किए गए। इन जल पंपों का उद्घाटन जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान की पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जब वह सतकपुर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के लिए आए थे, तब स्थानीय लोगों ने सबसे पहले पेयजल संकट की समस्या उनके समक्ष रखी थी। उन्होंने उसी समय आश्वासन दिया था कि जनता यदि उन्हें सेवा का अवसर देगी तो इस समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। आज उस वादे को पूरा करते हुए क्षेत्र में सात नए बोरवेल जल पंप जनता को समर्पित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को गति मिली है और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सतकपुर में स्थापित ये बोरवेल जल पंप भी उसी विकास अभियान का हिस्सा हैं, जिनसे सैकड़ों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
विधायक ने गिर्धन मेटल उद्योग प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक संस्थान की वास्तविक पहचान केवल उत्पादन से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी से होती है। गिर्धन मेटल ने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए स्थानीय लोगों की मूलभूत आवश्यकता को समझा और पेयजल जैसी गंभीर समस्या के समाधान में सराहनीय सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी उद्योग प्रबंधन इसी प्रकार जनहित के कार्यों में सहयोग करता रहेगा।
इस अवसर पर गिर्धन मेटल के एचआर, एडमिन एवं सीएसआर प्रमुख नयन खान ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य केवल औद्योगिक उत्पादन करना नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और बस्तियों के सामाजिक विकास में भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सतकपुर में छह से सात नए बोरवेल जल पंप स्थापित किए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या काफी हद तक दूर होगी। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा केवल सतकपुर ही नहीं, बल्कि पुराना जामसोल सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की पेयजल परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को भी सीएसआर के माध्यम से लगातार आगे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में उन्हें पेयजल के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता था, लेकिन अब नए बोरवेल जल पंप शुरू होने से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।इस मौके पर रवींद्र कुमार तिवारी, प्रशांत विश्वास, पंकज सिंह, जयंतो सरकार, अमित गोप, वैद्यनाथ अधिकारी, लालटू धीवर, विमान अधिकारी, सजल बाउरी, विजय माझी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए सभी ने सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
