कटमनी और सिंडिकेट के नाम पर अवैध वसूली पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल का सख्त संदेश, सबूत दें, होगी कार्रवाई

आसनसोल। पश्चिम बंगाल सरकार की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने उनके तथा राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों के नाम पर कथित रूप से की जा रही अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने एक वीडियो संदेश के माध्यम से स्पष्ट कहा कि उनके, मुख्यमंत्री या राज्य सरकार के किसी भी मंत्री एवं प्रतिमंत्री के नाम पर धन उगाही, कटमनी, सिंडिकेट, गुंडा टैक्स अथवा किसी भी प्रकार की अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण नहीं मिलेगा। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ असामाजिक तत्व उनके नाम का दुरुपयोग कर बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, ठेकेदारों और आम नागरिकों से धन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे व्यक्तियों का उनसे या सरकार से किसी प्रकार का कोई संबंध नहीं है और जनता को ऐसे लोगों के झांसे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट निर्देश दे चुकी हैं कि कटमनी, सिंडिकेट संस्कृति, गुंडा टैक्स और किसी भी प्रकार की जबरन वसूली में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि किसी स्तर पर ऐसी शिकायत सामने आती है, तो उस पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।अग्निमित्रा पॉल ने आम नागरिकों, व्यापारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उनके, मुख्यमंत्री या किसी अन्य मंत्री का नाम लेकर धन की मांग करता है या किसी प्रकार का दबाव बनाता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित पुलिस प्रशासन अथवा सीधे उन्हें उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के साथ यदि ऑडियो रिकॉर्डिंग, वीडियो, कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप संदेश या अन्य कोई साक्ष्य उपलब्ध कराया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। मंत्री ने यह भी कहा कि कई बार कुछ लोग व्यक्तिगत द्वेष, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या किसी की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से भी उनका नाम जोड़ देते हैं। इसलिए केवल मौखिक आरोपों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। उन्होंने कहा कि कानून सबूतों के आधार पर चलता है और पर्याप्त प्रमाण मिलने पर किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के पास उनके साथ खिंचवाई गई तस्वीर होने का अर्थ यह नहीं है कि वह उनका अधिकृत प्रतिनिधि है। सार्वजनिक जीवन में होने के कारण हजारों लोगों के साथ उनकी तस्वीरें हैं। यदि कोई व्यक्ति फोटो दिखाकर यह दावा करता है कि वह मंत्री के निर्देश पर काम कर रहा है या उनके नाम पर पैसे मांग रहा है, तो ऐसे दावों पर बिल्कुल विश्वास न करें और तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दें। अंत मे मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने दोहराया कि राज्य सरकार कानून का शासन स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति उनके, मुख्यमंत्री या सरकार के किसी मंत्री के नाम पर कटमनी, सिंडिकेट, गुंडा टैक्स अथवा किसी भी प्रकार की अवैध वसूली का प्रयास करता है, तो उसकी तत्काल शिकायत करें। सरकार निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करेगी और किसी भी अपराधी को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *