युवाओं को बड़ी राहत, ममता सरकार की युवसाथी योजना लागू

1 अप्रैल से 10वीं पास बेरोजगार युवाओं को हर माह 1500 रुपये, 15–26 फरवरी तक सभी विधानसभाओं में लगेंगे पंजीकरण कैंप

कोलकाता। विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए एक अहम घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की ‘युवसाथी’ योजना के तहत पात्र युवाओं को अब 1 अप्रैल से ही मासिक भत्ता मिलना शुरू हो जाएगा।
इस योजना के अंतर्गत 10वीं पास बेरोजगार युवाओं को प्रति माह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि योजना की घोषणा पहले ही राज्य बजट में की जा चुकी थी, लेकिन इसके क्रियान्वयन की तिथि अब निर्धारित कर दी गई है।
सरकारी नियमों के अनुसार, इस योजना का लाभ 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के उन युवाओं को मिलेगा, जिन्होंने न्यूनतम माध्यमिक (10वीं) परीक्षा उत्तीर्ण की है। चयनित लाभार्थियों को यह सहायता लगातार पांच वर्षों तक मासिक आधार पर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जो युवा पहले से किसी अन्य सरकारी छात्रवृत्ति या समान योजना का लाभ ले रहे हैं, वे युवसाथी योजना के पात्र नहीं होंगे।
राज्य सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि 15 फरवरी से 26 फरवरी तक राज्य की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष पंजीकरण कैंप लगाए जाएंगे, ताकि पात्र युवा योजना का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *