डीआरएम खड़गपुर ने शालीमार व संतरागाछी स्टेशनों का किया निरीक्षण

 

खड़गपुर, 10 फरवरी । दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने मंगलवार को शालीमार और संतरागाछी रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने शालीमार स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विकास एवं बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन नए प्लेटफॉर्मों के कार्यों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इसके साथ ही शालीमार यार्ड में प्रस्तावित वंदे भारत एक्सप्रेस के रखरखाव डिपो के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया तथा भविष्य की परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इसकी व्यवहार्यता पर विचार किया।
इसके बाद संतरागाछी रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और स्टेशन के बुनियादी ढांचे को और अधिक आधुनिक बनाने के लिए चल रहे विकास कार्यों का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान पांडेय ने संबंधित अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए मंडल में चल रही विकासात्मक पहलों के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय पर बल दिया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) सहित मंडल के सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यों की प्रगति, चुनौतियों एवं भावी योजनाओं से अवगत कराया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *