चार करोड़ से अधिक के हीरे के साथ गिरफ्तार व्यक्ति, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

सिलीगुड़ी, 10 फरवरी । राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने बागडोगरा एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के हीरे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान दिल्ली निवासी दीपक सुखलाल मेहता के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने सोमवार आरोपित को बागडोगरा एयरपोर्ट के बाहर संदेह के आधार पर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बैग से 808.35 कैरेट (161.66 ग्राम) हीरे बरामद हुए। जिनकी बाजार कीमत 4.33 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जिसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी डीआरआई शाखा लाया गया। जहां आरोपित से गहन पूछताछ की गई।

डीआरआई अधिवक्ता रतन बनिक ने बताया कि मंगलवार को आरोपित के खिलाफ कस्टम एक्ट की धारा 104 और 135 के तहत मामला दर्ज कर सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *