
खड़गपुर, 10 फरवरी । दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) ने यात्रियों के लिए राहत भरी खबर दी है। रेलवे प्रशासन ने कोरोना और तकनीकी कारणों से प्रभावित 12 मेमू पैसेंजर ट्रेनों को 12 फरवरी से पुनः बहाल करने का निर्णय लिया है।
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इन ट्रेनों के परिचालन से खड़गपुर, झारग्राम, पुरुलिया, चक्रधरपुर, राउरकेला और संबलपुर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों के बीच संपर्क सुगम होगा। ट्रेनों के परिचालन शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
पुनः बहाल होने वाली ट्रेनों में खड़गपुर-झारग्राम (68093), झारग्राम-खड़गपुर (68094), झारग्राम-पुरुलिया (68023), पुरुलिया-झारग्राम (68024), चक्रधरपुर-राउरकेला (68025), राउरकेला-झारसुगुड़ा (68029), झारसुगुड़ा-संबलपुर (68031, 68033), संबलपुर-झारसुगुड़ा (68032, 68034), झारसुगुड़ा-राउरकेला (68030) और राउरकेला-चक्रधरपुर (68026) शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा योजना बनाते समय आधिकारिक समय-सारिणी और कोविड-19 संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें।
