
आसनसोल। आसनसोल हाईवे पर आज सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर ब्रिज के नीचे जा गिरी। कार में कुल तीन यात्री सवार थे। इस घटना के संबंध में नेशनल हाईवे अधिकारी उत्पल माझी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 7:00 बजे हुआ। दुर्घटनाग्रस्त वाहन बनारस से आ रहा था और दुर्गापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार नीचे गिर गई। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, सुबह के समय चालक को नींद आ जाने के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है। हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। फिलहाल, कार को क्रेन की मदद से ऊपर लाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
