
कोलकाता (संघमित्रा सक्सेना) : साहित्य और संस्कृति के महाकुंभ – कोलकाता इंटरनेशनल बुक फेयर 2026 की औपचारिक घोषणा सोमवार को पार्क होटल के पाईन बैंक्वेट में हुई। इस अवसर पर गिल्ड के अध्यक्ष सुधांशु शेखर राय और महासचिव त्रिदेव कुमार चटर्जी की उपस्थिति में मेले की थीम कंट्री अर्जेंटीना के लोगो का अनावरण किया गया।
गिल्ड ने बताया कि कोलकाता बुक फेयर का 49वां पुस्तक मेला 22 जनवरी 2026 से प्रारंभ होगा। उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी करेंगी। मेला 3 फरवरी तक चलेगा, जबकि लिटिल मैगजीन फेस्टिवल 24 से 25 जनवरी तक आयोजित होगा। इस बार अर्जेंटीना पहली बार कोलकाता पुस्तक मेले की थीम कंट्री के रूप में शामिल हो रहा है, जिससे भारत-अर्जेंटीना की सांस्कृतिक व क्रीड़ा संबंधों में नई दिशा मिलने की उम्मीद है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्जेंटीना की ओर से श्री आर. एस. रोजेस और मिस आनंदी केपु मौजूद रहे।
गिल्ड ने जानकारी दी कि इस बार लगभग 1000 स्टॉल लगाए जाएंगे, ठीक पिछले वर्ष की तरह, जब 27 लाख से अधिक पुस्तकप्रेमियों ने मेले में भाग लिया था। इसी बड़े जनसमूह को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर केएमडीए, कोलकाता पुलिस और अन्य विभागों के सहयोग से पुख्ता तैयारी की जा रही है।
गिल्ड के जनरल सेक्रेटरी त्रिदेव कुमार चटर्जी ने कहा कि दुर्गा पूजा के बाद कोलकाता का यह सबसे बड़ा सांस्कृतिक उत्सव माना जाता है। उन्होंने कहा, “हम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कोलकाता के सभी प्रशासनिक निकायों के आभारी हैं।”साथ ही एक विशेष घोषणा भी की गई। वर्ष 2027 में कोलकाता बुक फेयर अपनी स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश करेगा।

गिल्ड ने अपील की है कि 1976 से 1996 के बीच मेले से जुड़ी दुर्लभ और ऐतिहासिक तस्वीरें 10 दिसंबर 2025 तक भेजी जाएं। चयनित तस्वीरों को पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।इस वर्ष पेरू, थाईलैंड, जापान, अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों की भागीदारी होगी। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, असम, तमिलनाडु, कर्नाटक, त्रिपुरा और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों से भी प्रकाशक और लेखक शामिल होंगे। गिल्ड को उम्मीद है कि 2026 का यह पुस्तक मेला साहित्य, संस्कृति और अंतर्राष्ट्रीय मैत्री का नया अध्याय जोड़ेगा।
