नियामतपुर फांड़ी के नवनियुक्त प्रभारी मिहिर कुमार डे का भव्य स्वागत, व्यापारियों को दिया निष्पक्ष एवं सख्त कानून व्यवस्था का भरोसा

आसनसोल। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अधीन कुल्टी पुलिस थाना अंतर्गत नियामतपुर फांड़ी में नवनियुक्त प्रभारी अधिकारी मिहिर कुमार डे का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। यह स्वागत समारोह नियामतपुर मारचेंट्स चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर चैम्बर के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए प्रभारी अधिकारी का अभिनंदन किया और उन्हें क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों, व्यापारिक गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों से अवगत कराया। वही इस मौके पर नए प्रभारी अधिकारी मिहिर कुमार डे ने कहा कि वे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और पारदर्शी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आम नागरिकों और व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा तथा सभी के सहयोग से बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय ही किसी भी क्षेत्र के विकास और सुरक्षा की आधारशिला होता है। अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त तथा निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा। वहीं, नियामतपुर मारचेंट्स चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने नए प्रभारी अधिकारी को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और क्षेत्र में सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। इस मौके पर चैम्बर के अध्यक्ष श्री महेंद्र संघाई, सचिव श्री सचिन बल्लोडिया, श्री आशीष गीडिया, श्री प्रकाश डोकनिया, श्री राकेश अग्रवाल, श्री सरवन बोगी, श्री अमित अग्रवाल तथा श्री अजय डोकनिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वही इस समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था एवं विकास की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *