नदिया, 01 मार्च । भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य को योजनाबद्ध तरीके से “घुसपैठियों का अड्डा” बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस नीति के चलते बंगाल के मूल निवासी आने वाले समय में अल्पसंख्यक बन सकते हैं।
नड्डा कृष्णानगर में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति ने राज्य की सामाजिक संरचना और कानून-व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। नड्डा ने आरोप लगाया कि जहां एक ओर घुसपैठियों को संरक्षण मिलता है, वहीं आम नागरिकों—खासकर माताओं-बहनों—की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जाता है।
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रशासनिक ढील और राजनीतिक संरक्षण के कारण घुसपैठ का मुद्दा बढ़ा है, जिससे स्थानीय लोगों के अधिकार और संसाधन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने तृणमूल पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की विफलता का आरोप दोहराते हुए कहा कि राज्य में भय और अराजकता का माहौल है।
स्वास्थ्य के मुद्दे पर नड्डा ने कहा कि तृणमूल सरकार ने आयुष्मान भारत जैसी केंद्रीय योजना को लागू नहीं होने दिया, जिससे लाखों गरीब परिवार मुफ्त इलाज से वंचित रह गए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा के सत्ता में आते ही जनकल्याण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।
