कोलकाता । त्रिपुरा में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बिपलब देव के इस्तीफे को लेकर पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने तंज कसा है। पार्टी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा है कि भाजपा के अंतरकलह की वजह से ही बिप्लब देव ने इस्तीफा दिया है। शनिवार शाम को घोष कहा कि भाजपा जो अपने पहले मुख्यमंत्री का पहला टर्म भी पूरा नहीं कर पाई है वह राज्य में लोगों के हित में राज नहीं कर सकती। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को हटाकर तृणमूल कांग्रेस सरकार बनाएगी।
उल्लेखनीय है कि 25 सालों के वाममोर्चा शासन को उखाड़ कर भारतीय जनता पार्टी की पहली बार सरकार बनी थी। बिप्लब देव राज्य के पहले भाजपा के मुख्यमंत्री थे। भाजपा के सूत्रों ने बताया है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी नए चेहरे के साथ उतरना चाहती हैं और देव को संगठनात्मक कार्यों में लगाया जाएगा। भाजपा के केंद्रीय प्रभारी भूपेंद्र यादव और विनोद तावड़े की मौजूदगी में देव के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में माणिक साहा को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है।