दुर्गापुर। प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप पानागढ़ स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत महत्वपूर्ण पुनर्विकास से गुजर रहा है, जिसमें यात्री सुविधाओं और सेवाओं को उन्नत करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। आधुनिकीकरण परियोजना अब पूरी होने वाली है, जिसमें अधिकांश कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। यह पुनर्विकास समग्र यात्री अनुभव को बहुत बढ़ाएगा, आधुनिक बुनियादी ढांचा, बेहतर पहुँच और उन्नत सेवाएं प्रदान करेगा, जिससे पानागढ़ स्टेशन एक अधिक कुशल और यात्री- अनुकूल यात्रा केंद्र बन जाएगा। पानागढ़ बर्धमान- आसनसोल सेक्शन पर स्थित है, जो हावड़ा-गया-दिल्ली लाइन, हावड़ा- इलाहाबाद- मुंबई लाइन और हावड़ा- दिल्ली मुख्य लाइन का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। यह स्टेशन पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर सब डिवीजन में एक औद्योगिक शहर पानागढ़ में स्थित है।आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र से इसकी निकटता के कारण पानागढ़ निवेश का केंद्र बन गया है, जहाँ प्रमुख उद्योग स्थित हैं। यह औद्योगिक विकास यात्रियों और माल की आवाजाही दोनों का समर्थन करने के लिए एक आधुनिक, कुशल परिवहन केंद्र की आवश्यकता पर जोर देता है। पानागढ़ स्टेशन पर प्रमुख
पुनर्विकास कार्यों में एक नए स्टेशन भवन का निर्माण शामिल है, जिसमें यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और बेहतर सेवाएं होंगी। प्लेटफ़ॉर्म पर पहुँच को बढ़ाने के लिए खासकर बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए दो लिफ्ट (02) लगाई जा रही हैं। बेहतर ट्रैफिक सर्कुलेशन के लिए स्टेशन के दोनों तरफ के सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार किया जाएगा और सौंदर्गीकरण किया जाएगा, जिससे ज़्यादा अच्छा माहौल बनेगा। मौजूदा फ़ेसेड और एलिवेशन को भी अपग्रेड किया जाएगा, साथ ही एक जीवंत और समुचित रोशनी वाला स्टेशन सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक लाइटिंग भी लगाए जाएँगे। इसी क्रम में आंतरिक सुधार जैसे कि पुनर्निर्मित प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और उच्च गुणवत्ता वाले टिकाऊ फर्नीचर का प्रावधान आदि यात्रियों के आराम को बढ़ाएगा। पहुंच और नेविगेशन को बेहतर बनाने के लिए मानक साइनेज लगाए जाएंगे। यह पुनर्विकास यात्री अनुभव और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए रेलवे की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उक्त कार्य पूरा होने पर पानागढ़ स्टेशन से स्थानीय अर्थव्यवस्था का समर्थन करने, इस क्षेत्र में यात्रियों और उद्योगों दोनों की जरूरतों को पूरा करने और आसपास के औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों से कनेक्टिविटी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।