कोलकाता, 15 जुलाई । रथींद्रनाथ बोस ने भाजपा के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। उन्होंने आठवें राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया था। रथींद्रनाथ ने शनिवार को इसे वापस ले लिया। नतीजतन, राज्यसभा में बंगाल की सात सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। छह सीटों पर तृणमूल उम्मीदवारों ने जीत हासिल की और एक सीट पर भाजपा उम्मीदवार ने निर्विरोध जीत हासिल की। 17 जुलाई को रिटर्निंग ऑफिसर आधिकारिक तौर पर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र सौंपेंगे। हालांकि, वे कब शपथ लेंगे, यह अब तक तय नहीं हुआ है.
तृणमूल की जो पांच सीटें खाली हो रही हैं उनमें डोला सेन, सुखेंदु शेखर रॉय, डेरेक ओ’ब्रायन, शांता छेत्री और सुष्मिता देव शामिल हैं। इस बार शांता और सुष्मिता को पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया। बाकी तीन को दोबारा टिकट मिल गया। दिल्ली के साकेत गोखले को फेलेरियो सीट के लिए नामांकित किया गया था। शांता और सुष्मिता की जगह समीरुल इस्लाम और प्रकाश चिक बड़ाईक को तृणमूल ने उम्मीदवार बनाया है। सातवीं सीट पर भाजपा के उम्मीदवार नागेंद्र रॉय हैं। उत्तर बंगाल में उन्हें अनंत महाराज के नाम से जाना जाता है। अनंत लंबे समय से अलग कूचबिहार राज्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
