
बेवजह बाइक चलाने पर रोक, नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
जामुड़िया। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जामुड़िया में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पुलिस प्रशासन द्वारा आम लोगों को मोटरसाइकिल उपयोग से जुड़े नियमों की जानकारी देने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जामुड़िया थाना अंतर्गत केंदा फाड़ी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के साथ संयुक्त रूप से माइकिंग कर लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। इस दौरान पुलिसकर्मी गली-गली घूमकर नागरिकों से चुनावी नियमों का पालन करने की अपील करते नजर आए।माइकिंग के दौरान केंदा फाड़ी के सब-इंस्पेक्टर तापस कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार से गुरुवार तक तीन दिनों के लिए बिना किसी आवश्यक कारण के मोटरसाइकिल चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आवश्यक कार्यों जैसे चिकित्सा सेवाओं के लिए जाना, दवा लाना, बच्चों को स्कूल छोड़ना या लाना तथा अन्य जरूरी घरेलू कार्यों के लिए ही बाइक का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को आकस्मिक या विशेष कारण से कहीं जाना हो, तो उसे पहले पुलिस प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति के बेवजह घूमते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने रात के समय विशेष प्रतिबंधों की भी जानकारी दी। शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्तियों के एक साथ चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान अर्धसैनिक बलों के जवानों ने भी माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और चुनाव आयोग के नियमों का पालन करने की अपील की। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि सभी लोग नियमों का पालन करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
