कोलकाता 15 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम हाजरा ने एक बार फिर बंगाल भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है। उन्होंने विश्व भारती विश्वविद्यालय जो केंद्र सरकार के अधीन आता है उसके कुलपति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी तरह की मांग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार करती रही हैं। हाजरा ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है। इसमें विश्वविद्यालय के एक जनजातिय प्रोफेसर के खिलाफ कथित तौर पर कुलपति की ओर से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर विरोध जताते हुए कहा है कि पुलिस को इस मामले में सघन जांच करनी चाहिए और अगर जो कोई भी दोषी साबित होता है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा है कि मैं भी एक दौर में छात्र था और जनजातीय समुदाय से हूं। इसलिए इस तरह की टिप्पणी किस तरह दुखित करती है यह समझ में आता है। ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
