दो करोड़ की हेरोइन के साथ एसटीएफ के हत्थे चढ़े दो तस्कर

 

कोलकाता, 15 मई। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दो करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ दो तस्करों को धर दबोचा है। इसके साथ ही उनके पास से पांच लाख रुपये नगदी भी बरामद की गई है। एसटीएफ के एसपी आईपीएस इंद्रजीत बसु ने सोमवार सुबह इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देर रात नदिया जिले के राणाघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास खदाइतला शीशु शिक्षा केंद्र के पास पुख्ता सूचना के आधार पर दो लोगों को घेरा गया जो कुछ सामान का आदान-प्रदान कर रहे थे। इन्हें हिरासत में लेकर जब जांच की गई तो उसके पास से ढाई किलो हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये से अधिक है। दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। देर रात इन्हें गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान नदिया जिले के 22 साल के अबुल कलाम मंडल और उत्तर 24 परगना के वनगांव के रहने वाले 40 साल के तापस दास के तौर पर हुई है। पता चला है कि ये लोग हेरोइन तस्करी के कारोबार में लंबे समय से जुड़े हुए हैं। इनसे पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *