भारत मंदिरों का देश है। हमारे देश में अनेकों ऐसे मंदिर हैं, जो रहस्यों से भरे हैं। कई मंदिरों में भक्तों को चमत्कार भी देखने को मिलते हैं। जल्द ही भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव यानी कृष्ण जन्माष्टमी आने वाली है।
ऐसे में आज हम आपको श्री कृष्ण के ऐसे ही एक मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जो रहस्यों से भरा है और रोजाना सुबह वहां अद्भुत चमत्कार देखने को मिलते हैं। यह रहस्मयी मंदिर उत्तर प्रदेश मथुरा में है। मथुरा के वृंदावन में स्थित यह मंदिर निधिवन में है।
अपने आप खुलते और बंद होते हैं कपाट
निधिवन में स्थित इस रहस्यमयी मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यहां भगवान श्री कृष्ण रोज शयन के लिए आते हैं। विशेष बात यह है कि इस मंदिर में भगवान के शयन के लिए मंदिर के कपाट अपने आप खुलते हैं और अपने आप ही बंद हो जाते हैं। इसके रहस्य को कई लोगों ने जानने की कोशिश की लेकिन आज तक कोई इसमें सफल नहीं हो पाया।
देखने को मिलते हैं ऐसे अद्भुत चमत्कार
वृंदावन के निधिवन में स्थित भगवान श्री कृष्ण का यह मंदिर बहुत ही चमत्कारी है। इस मंदिर के बारे में कई किस्से मशहूर हैं। बताया जाता है कि इस मंदिर में भगवान के शयन के लिए रोजाना बिस्तर लगाया जाता है। मंदिर प्रशासन की तरफ से रोज शाम को कपाट बंद होने से पहले बिस्तर के तौर पर साफ-सुथरे गद्दे और चादर को बिछाया जाता है। सुबह जब मंदिर खुलता है तो बिस्तर में सलवटें पड़ी रहती हैं। इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे कोई इस बिस्तर पर सोया हो।
सुबह तक खत्म हो जाता है प्रसाद
मंदिर में एक और चमत्कार देखने को मिलता है। इस मंदिर में माखन और मिश्री का भोग चढ़ाकर श्रद्धालुओं को बांटा जाता है। वहीं जो प्रसाद बच जाता है उसे मंदिर में ही रख दिया जाता है, लेकिन यह प्रसाद सुबह तक अपने आप समाप्त हो जाता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान श्री कृष्ण खुद इस प्रसाद को खा जाते हैं।
निधिवन में श्री कृष्ण और राधा करते हैं रासलीला
वृंदावन के निधिवन की बारे में ऐसी मान्यता है कि भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी यहां पर रासलीला करते हैं। अगर कोई व्यक्ति इस रासलीला को देखने की कोशिश करता है तो वह या तो पागल हो जाता है या उसकी आंखों की रोशनी चली जाती है। इसी कारण मंदिर के समीप घरों में खिड़कियां नहीं हैं। वहीं शाम को आरती के बाद पुजारी भी अंदर नहीं जाते हैं। ऐसे में इस मंदिर में शाम की आरती के बाद मंदिर में जाना मना है।