
सुनील बंसल ने किया उद्घाटन, बोले—जनता की सेवा और समस्याओं का समाधान ही भाजपा का मुख्य उद्देश्य
आसनसोल। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के थाना मोड़ पर मंगलवार को ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्र’ का भव्य उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिम बंगाल प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल ने किया। दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल में ढाक की थाप, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में आसनसोल सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य,पश्चिम बंगाल सरकार की नगरीय विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल,बाराबनी विधायक अरिजीत रॉय, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तथा रानीगंज विधायक पार्थ घोष,बड़जोड़ा विधायक बिलेश्वर सिन्हा, सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिम बंगाल प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सत्ता हासिल करना मात्र नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। पार्टी ने प्रत्येक विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में सेवा केंद्र स्थापित करने की जिम्मेदारी दी है। इसी पहल के तहत कुल्टी के विधायक एवं राज्य के पीएचईडी तथा पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने अपने क्षेत्र में इसकी शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में 100 से अधिक विधायकों ने इस तरह के सेवा केंद्र स्थापित करने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सेवा केंद्र जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संपर्क मजबूत करने के साथ-साथ जनकल्याणकारी कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।नेताजी सुभाष चंद्र बोस के देशभक्ति, त्याग और सेवा के आदर्शों से प्रेरित यह केंद्र कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की शिकायतों के निवारण तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान का प्रमुख माध्यम बनेगा। भाजपा नेताओं ने जनसेवा और क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता के सहयोग से जनकल्याण के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
