मिशन उड़ान ने 81 बच्चों को बांटे नए कपड़े, दुर्गापूजा की खुशियां साझा करने की पहल

नौवें वर्ष के वस्त्र वितरण अभियान की शुरुआत, 550 वस्त्र और साड़ियां बांटने का लक्ष्य

रानीगंज। दुर्गापूजा की खुशियां जरूरतमंद बच्चों के साथ साझा करने के उद्देश्य से मिशन उड़ान वेलफेयर फाउंडेशन ने अपने वस्त्र वितरण अभियान के नौवें वर्ष की शुरुआत की। रानीगंज के नूपुर आदिवासी पाड़ा और नूपुर कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 81 बच्चों को नए कपड़े दिए गए। नए वस्त्र पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा नए कपड़े पहनने की खुशी से वंचित न रहे। इसी सोच के साथ संस्था प्रत्येक वर्ष दुर्गापूजा के अवसर पर वस्त्र वितरण अभियान चलाती है। नौवें वर्ष में भी इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में आसनसोल दक्षिण ग्रामीण मंडल-4 के अध्यक्ष परिमल मांझी और समाजसेवी वरुण मांझी उपस्थित रहे। उन्होंने संस्था की इस पहल की सराहना की। फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि अभियान के तहत आगे भी कई क्षेत्रों में वस्त्र वितरित किए जाएंगे। इनमें झाटीडांगा आदिवासी पाड़ा, जेके नगर, बल्लभपुर की कुष्ठ बस्ती, वृद्धाश्रम और दृष्टिबाधितों के आश्रम सहित अन्य स्थान शामिल हैं। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को नई साड़ियां देने की भी योजना है। इस वर्ष अभियान के तहत कुल 500 से 550 कपड़े और साड़ियों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
संस्था ने इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में आर्थिक सहयोग देने वाले लोगों और अन्य सहयोगियों के प्रति आभार जताया। फाउंडेशन का कहना है कि दुर्गापूजा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने और समाज के वंचित वर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाने का भी पर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *